Monday, October 12, 2009

एक बंदूक दिला दो पापा,बहुत सह चुका अत्याचार

लगातार कई गंभीर कविताओं के बाद आज हम अपनी टूटी फूटी हिन्दी में एक हास्य कविता प्रस्तुत कर रहे हैं, आप सब के आशीर्वाद का इंतज़ार रहेगा जिसके सहारे अभी तक लिखता रहा हूँ.

एक बंदूक दिला दो पापा,बहुत सह चुका अत्याचार,


हैं दिमाग़ के हल्के टीचर, हमको बहुत सताते हैं,

बात बात पर कान पकड़ते, मुर्गा भी बनवाते हैं,

क्लास में रेप्युटेशन की तो,उसने ऐसी तैसी कर दी,

जैसे-तैसे काट रहा था, इज़्ज़त दो पैसे की कर दी,


अब स्कूल तभी जाऊँगा, जब दिलवाओगे हथियार,


टीचर तो टीचर है पापा,बच्चे भी हड़काते हैं,

बिना बात,कमजोर समझ कर,हरदम लड़जाते हैं,

कुर्सी,मेज तोड़ देते हैं,नाम हमारा लग जाता है,

अलग बुला कर प्रेसीडेंट,भी हमको धमकाता है,


पहले उसको ही मारूँगा,बहुत बन रहा है दमदार,


अकल गयी है,घास चरन को,कौन इन्हे समझाएगा,

छूट गये हो जेल से अब तुम, इनको कौन बताएगा,

मम्मी नही चाहती की तुम, फिर से जेल दुबारा जाओ,

रफ़ा,दफ़ा मैं सब कर दूँगा, एक हथियार मुझे दिलवाओ,


इतना लतियाऊंगा सबको,पकड़ेंगे सब चरण हमार,


एक एक को चुन चुन करके,मैं गोली से मारूँगा,

गुंडा बाप का बेटा हूँ,ऐसे ना हिम्मत हारूँगा,

डरते थे सब पहले जितना,फिर से उन्हे डराऊँगा,

आप की पीढ़ी का चिराग हूँ,पूर्वज धर्म निभाऊँगा,


मेरी जमानत करवाने को,बस तुम हो जाओ तैयार,

एक बंदूक दिला दो पापा,बहुत सह चुका अत्याचार,

Friday, October 9, 2009

जीवन-सूत्र

रास्ता खुद से बनाना चाहिए,

लक्ष्य पर नज़रें जमाना चाहिए,

है सदा संघर्ष जीवन में मगर,

मुश्किलों में मुस्कुराना चाहिए,


सोच कर कदमें बढ़ाना चाहिए,

हौसला-ए-दम दिखाना चाहिए,

पर कभी जब आधियाँ कुछ तेज हो,

धैर्य रख कर बैठ जाना चाहिए,


मन में एक विश्वास लाना चाहिए,

जिंदगी हँस कर बिताना चाहिए,

चीर कर पर्वत भी आगे बढ़ चलो,

हसरतों को ना मिटाना चाहिए.


ख्वाब से मन को सजाना चाहिए,

ख्वाब को सच भी बनाना चाहिए,

क्या पता कब लॉटरी खुल जाए किस्मत की,

रोज किस्मत आजमाना चाहिए,


प्रेम का पौधा उगाना चाहिए,

दिल से नफ़रत को मिटाना चाहिए,

जीत लो दिल हर किसी को चार लफ़्ज़ों में,

लब पे मीठे बोल लाना चाहिए,

Tuesday, October 6, 2009

कुछ मचलती किंतु कमजोर तमन्नाएँ, उनकी जिन्हें ग़रीब कहते हैं

कुछ आधी अधूरी तमन्नाएँ जो एक पल में बनती है और एक पल में बिखर जाती है..

ऐ तमन्ना,

तू इतना,मचल क्यों रही है,

दिखावे की दुनिया में,

तू ढल क्यों रही है.


तू निरा अज्ञानी है,

या अबोध है,अथवा ये तेरी भूल है,

काँटे हैं तेरी राह में

फूल नही शूल है,

तुझे मचलना ही था,

जग के विचित्र चित्रों में ढलना ही था,

तो किसी धनवान के मन में उपजती,

वहाँ तू फूलती-फलती,

राजमहल के अद्भुत,

रंगिनियों में संवरती,

असहाय ग़रीब के,

मन के,

पगडंडीयों पर क्यों चल रही है||ऐ तमन्ना.....


तू देख तो सकती है?,

देखो,

महसूस करो,

रिश्तों के विभिन्न रूप,

किस तरह परिवर्तित हो रहे हैं,

किस तरह बेनाम,बदनाम लोग इस दुनिया मे,

चर्चित हो रहे हैं,

तुम्हारे हिस्से का वक्त भी,

किन्कर्तव्य विमूढ़ है,

तुम्हारा जन्मदायी भी आज मूढ़ है,

कोमल भावनाओं से वैर कर के,

गहन ज्वाला पर पैर धर के,

इस भाँति तू जल क्यों रही है||ऐ तमन्ना.....


तू ग़रीब के मन की,

बीज़ है,

तो क्या हुआ,

सोचो मत,

हँसी मुश्किल से आती है,

तो क्या हुआ,

वक्त प्रायः रूलाती है,

तो क्या हुआ,

इससे अधिक रोने को कुछ नही है,

पाना है तुझे अब,

खोने को कुछ नही है,

सारी शक्तियाँ झोंक दे,

राह के तूफान को तू रोक दे,

हिमालय सा बन,

बर्फ के टुकड़ों की भाँति गल क्यों रही है||


ऐ तमन्ना,

तू इतना,मचल क्यों रही है,

दिखावे की दुनिया में, तू ढल क्यों रही है||

Friday, October 2, 2009

सत्य अहिंसा को पूजूँ या पूजूँ ए.के. सैतालीस को

राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी जी को सादर नमन करते हुए, प्रस्तुत करता हूँ आज के बदलते हालात पर चंद लाइनें

सत्य अहिंसा को पूजूँ या पूजूँ ए.के. सैतालीस
को,
झूठ खरीदे जाते अब तो,हिंसा की होती जय कारी,

स्वार्थ,मोह,माया से दबकर, मानव शब्द विलुप्त हुआ,
दया किसी कोने में दुबका, तोड़ रही दम क्षमा बेचारी,

कितने बदल चुके है लोग,नर ही नर का दुश्मन है,
दूभर हुआ साँस तक लेना,ऐसी मची है, मारामारी,

पता चला दो दिल रखते थे, वे भी अपने सीने में,
छोड़ गये हमको दलदल में,कल तक बनते थे, हितकारी,

बैठे सोच रहे हैं चाचा, बेटे की शादी करनी है,
लालच की लपेट तो देखो,बाप बन गया है व्यापारी,

कहाँ गयी वो अदब हया,जब तक नही कमाते थे,
पूत के तेवर ऐसे बदले,शब्द बन गये छुरी-कटारी,

सोच रहे थे,इस अगहन में, कन्यादान करूँ बिटिया का,
कैसे बच पाते बाबू जी,अस्पताल जो था सरकारी,

दारू पी कर मस्त हुए है, कल्लू राम समोसे वाले,
अपना पॉकेट हरा भरा हो,भाड़ मे जाए दुनियादारी.